Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में चिकित्सा उपकरण और जरूरी सुविधाएं होने के बावजूद उनका सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। सोमवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आने पर एनएचएम निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सवाल किया कि जब उपकरणों का इस्तेमाल ही नहीं हो रहा है तो उनकी व्यवस्था करने का क्या फायदा है। उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा और व्यवस्थाओं में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वीरेंद्र यादव ने लेबर रूम सहित अस्पताल के अलग-अलग वार्डों और विभागों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और उनके इस्तेमाल की स्थिति भी देखी। अस्पताल परिसर के पिछले हिस्से और पुराने भवन में भी जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान एक जगह उपकरण चालू नहीं होने पर उन्होंने फ्लोर इंचार्ज से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपकरणों का इस्तेमाल ही नहीं किया जा रहा है तो उन्हें उपलब्ध कराने का क्या औचित्य है। निरीक्षण के दौरान जहां भी अव्यवस्थाएं मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा समेत अस्पताल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

