Faridabad/Alive News : बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचाने की व्यवस्था लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। अस्पताल में रोजाना दो हजार से अधिक मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं, लेकिन तीन लिफ्टों में से केवल एक ही चालू हालत में है। दो बेड लिफ्ट पिछले 10 साल से अधिक समय से बंद पड़ी हैं। अब स्वास्थ्य विभाग ने इस समस्या को दूर करने की तैयारी शुरू की है। अस्पताल में दो नई बेड लिफ्ट और एक डम्बवेटर लिफ्ट लगाई जाएगी। इसके लिए 65.27 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
फिलहाल, अस्पताल की तीन में से दो लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों और कर्मचारियों को एक ही लिफ्ट पर निर्भर रहना पड़ता है। इस वजह से लिफ्ट पर लगातार दबाव बना रहता है। खासकर गंभीर मरीजों और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। लिफ्ट बंद होने या खराब होने की स्थिति में मरीजों को रैंप और सीढ़ियों के सहारे ले जाना पड़ता है। इससे उनके तीमारदारों की मुश्किलें भी बढ़ जाती हैं।
लिफ्ट बदलने के लिए शुरू हुई प्रक्रिया
अस्पताल में लंबे समय से लिफ्टों को बदलने की मांग की जा रही थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने तीनों लिफ्टों को बदलने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। नई बेड लिफ्ट लगने से मरीजों को वार्ड और अन्य मंजिलों तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं डम्बवेटर लिफ्ट से अस्पताल की आंतरिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
क्या कहा मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने
मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से दो बेड लिफ्ट और एक डम्बवेटर लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।
- डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।

