Faridabad/Alive News: बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को इस बार ज्यादा सावधानी बरतनी होगी। दसवीं और बारहवीं के परीक्षा फॉर्म में नाम, फोटो या हस्ताक्षर में कोई गलती रह गई तो परीक्षा शुरू होने के बाद उसमें सुधार का मौका नहीं मिलेगा। ऐसे में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों को आवेदन भरने से पहले विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड जांचने के निर्देश दिए हैं। जिले में इस बार करीब 30 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे।
बोर्ड की ओर से शुक्रवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। स्कूल प्रमुख बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से फॉर्म भरेंगे। जिले के 378 सरकारी स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों, गुरुकुल और विद्यापीठों के विद्यार्थियों के आवेदन भी ऑनलाइन किए जाएंगे।
देरी करने पर 1000 रुपये तक जुर्माना
निर्धारित समय में आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थियों को विलंब शुल्क देना होगा। 27 से 30 नवंबर तक आवेदन करने पर 100 रुपये, 1 से 4 दिसंबर तक 300 रुपये और 5 से 8 दिसंबर तक 1000 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
दसवीं कक्षा के लिए परीक्षा और माइग्रेशन शुल्क 1250 रुपये, जबकि बारहवीं के लिए 1300 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रायोगिक विषय के लिए 100 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
स्कूलों को रिकॉर्ड जांचने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन भरते समय विद्यार्थियों के नाम, फोटो, हस्ताक्षर और विषयों का मिलान अच्छी तरह कर लें। उन्होंने विद्यार्थियों को भी अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन पूरा कराने की सलाह दी है।

