Faridabad/Alive News: सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अब विदेशी नागरिक भी उठा रहे हैं। इसका उदाहरण बीके जिला नागरिक अस्पताल में देखने को मिला, जहां नाइजीरिया की रहने वाली जस्टिना ने शुक्रवार को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया। खास बात यह है कि दंपती ने निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने का फैसला किया। जस्टिना के पति फेवोरो ने अस्पताल की सुविधाओं और डॉक्टरों के व्यवहार पर संतुष्टि जताते हुए यहां की सेवाओं को कॉरपोरेट अस्पतालों के बराबर बताया।
फेवोरो पिछले पांच साल से सेक्टर-89, ग्रेटर फरीदाबाद में रह रहे हैं। वह बिजनेस वीजा पर नाइजीरिया से भारत आए थे। दंपती का पहले से एक बेटा है। कुछ समय पहले वह बेटे के टीकाकरण के लिए बीके अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार उन्हें अच्छा लगा। इसी अनुभव के बाद उन्होंने गर्भावस्था के दौरान भी पत्नी का इलाज यहीं कराने का फैसला किया।
शुक्रवार को महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजरी, डॉ. उर्वशी और डॉ. नवीन की टीम ने सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रेनू के सहयोग से जस्टिना की सिजेरियन डिलीवरी कराई। वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजरी ने बताया कि अस्पताल में सामान्य प्रसव के साथ जरूरत पड़ने पर सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध है। गंभीर परिस्थितियों में आने वाली गर्भवती महिलाओं को भी यहां उपचार दिया जाता है। अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

