Faridabad/Alive News: जिले में मच्छरों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद मच्छरों के पनपने की स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही है। अब तक दो लाख से अधिक घरों की जांच और 3500 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए जाने के बाद भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिले में अब तक डेंगू के 35 और मलेरिया के पांच मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की 40 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। इन टीमों की ओर से घरों और आसपास पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच की जा रही है। मच्छरों के पनपने की स्थिति मिलने पर संबंधित लोगों को नोटिस दिए जा रहे हैं। मलेरिया की पहचान के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक रक्त के नमूने लेकर स्लाइड तैयार की जा चुकी हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद और नूंह की टीम ने गांव गोंछी में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और रक्त के नमूने भी लिए गए। जरूरतमंदों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। विभाग की ओर से अधिक आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
दो लाख घरों की जांच के बाद भी मच्छरों का खतरा बरकरार

