Faridabad/Alive News: मुजेसर गांव में एक निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल पर काम करते समय पैनल टूटने से तीन मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को बीके नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इमारत में ब्लिंकिट का स्टोर बनाया जा रहा है। ठेकेदार असरद के मुताबिक, पहली मंजिल पर वेल्डिंग और बोर्ड लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों के काम करने के लिए लगाया गया पैनल अचानक टूट गया और तीनों मजदूर नीचे गिर गए। वे नीचे लगी टीन की छत पर जा गिरे।
घायलों की पहचान मुजसिर, साहिब और फहीम के रूप में हुई है। सेक्टर-7 चौकी प्रभारी राकेश ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से हादसे की सूचना मिली है। अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

