Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नौकरी का झांसा देकर 90 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य त्रिवेदी (निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो पहले से ही एक अन्य मामले में नीमका जेल में बंद था।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी पीड़ित को ‘शाइन रिक्रूटर’ की फर्जी मेल भेजकर जेपी मॉर्गन कंपनी में नौकरी का लालच दिया गया था। इंटरव्यू के नाम पर 10 रुपये का ऑनलाइन भुगतान कराते हुए ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड से 90 हजार रुपये उड़ा लिए थे।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदित्य ने अपने और अपनी मां के नाम पर सिम कार्ड निकलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे, जिनका इस्तेमाल इस ठगी में हुआ था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

