October 28, 2026

फरीदाबाद में कूड़ा निस्तारण पर विवाद, सेक्टर-28 में प्रदर्शन; भाकरी में 20 नवंबर तक कूड़ा डालने का अल्टीमेटम

Faridabad/Alive news: शहर में कूड़ा निस्तारण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। प्रतापगढ़ में कूड़ा निस्तारण प्लांट की क्षमता बढ़ाने की योजना के विरोध में बुधवार को वार्ड-1 के पार्षद मुकेश डागर के नेतृत्व में सैकड़ों लोग सेक्टर-28 स्थित केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर पहुंचे। लोगों ने आशंका जताई कि प्लांट की क्षमता बढ़ने से वहां कूड़े का पहाड़ और बड़ा हो जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि अगले तीन महीने में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद प्रतापगढ़ में केवल एनआईटी क्षेत्र का कूड़ा ही भेजा जाएगा।

रोजाना निकलता है 1200 टन कूड़ा

फरीदाबाद में प्रतिदिन करीब 1200 टन कूड़ा निकलता है, जबकि लगभग 300 टन कूड़े का ही निस्तारण हो पा रहा है। प्रतापगढ़ और मुजेड़ी में कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। बाकी कूड़ा शहर के अलग-अलग स्थानों पर जमा हो रहा है।

पिछले महीने नगर निगम ने भाकरी गांव की जमीन पर कूड़ा डालना शुरू किया था। इसके विरोध में ग्रामीणों ने धरना दिया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को हटाने के प्रयास के बीच पथराव भी हुआ था।

भाकरी में 20 नवंबर तक ही डलेगा कूड़ा

मंगलवार को केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि भाकरी में 20 नवंबर तक ही कूड़ा डाला जाएगा। इसके बाद प्रतापगढ़ प्लांट की क्षमता बढ़ाने की बात कही गई, जिससे वहां के निवासियों में चिंता बढ़ गई।

बुधवार को लोगों ने मंत्री के सामने अपनी समस्या रखी। आश्वासन के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी उनकी गाड़ी के आगे लेट गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सेक्टर-31 थाने पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।

10 कलेक्शन प्वाइंट पर लगेंगी मशीनें

पार्षद मुकेश डागर ने कहा कि प्रतापगढ़ में पहले से ही कूड़े का बड़ा ढेर लगा है। ऐसे में लोगों को वहां और कूड़ा पहुंचने की चिंता थी। उन्होंने बताया कि मंत्री ने तीन महीने में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुधारने और प्रतापगढ़ में केवल एनआईटी का कूड़ा भेजने का आश्वासन दिया है।

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के अनुसार, नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। शहर के 10 कलेक्शन प्वाइंट पर निस्तारण मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि अगले तीन महीने में कूड़ा निस्तारण में तेजी आएगी और सड़कों पर जमा कचरे को हटाने का प्रयास किया जाएगा।