Faridabad/Alive News: फरीदाबाद अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने सट्टा खाईवाली के आरोपियों पर बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 27 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सट्टा खाईवाली में लिप्त चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 24,200 रूपए की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहली कार्रवाई भोजपुरी चौक के पास ग्रीन बेल्ट में की गई, जहां से आरोपी दिलीप (निवासी पर्वतीय कॉलोनी) को 3,700 रूपए की नकदी के साथ पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में सेक्टर-2 क्षेत्र से गोपाल (निवासी आदर्श नगर), राजन (निवासी ब्राह्मणवाड़ा) और अनूप कुमार (निवासी बल्लभगढ़) को दबोचा गया। इनके पास से 20,500 रूपए नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पल्ला में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

