October 26, 2026

फरीदाबाद में डिप्टी मेयर चुनाव पर आज फिर मंथन, डेढ़ साल से खाली हैं दोनों पद

Faridabad/Alive News: नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर सोमवार को एक बार फिर भाजपा नेताओं की बैठक होगी। दोनों पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बनाने के उद्देश्य से यह बैठक सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय अटल कमल में आयोजित की जाएगी। सभी भाजपा पार्षदों को सुबह 9 बजे कार्यालय पहुंचने के लिए कहा गया है, जबकि बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी।

बैठक में पूर्व महामंत्री वेद प्रकाश एडवोकेट समेत तीन नेता पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और अन्य विधायक भी बैठक में मौजूद रहेंगे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने उम्मीद जताई है कि बैठक में दोनों पदों के लिए नामों पर सहमति बन सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार जो भी निर्णय लेगी, वह सभी को स्वीकार होगा।

दो बार पहले भी नहीं बन पाई सहमति

सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 11 अगस्त 2025 को नगर निगम सदन की बैठक बुलाई गई थी। उस समय भाजपा ने कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना व धनेश अदलखा मौजूद थे। हालांकि, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, मंत्री विपुल गोयल और मंत्री राजेश नागर सदन की बैठक में शामिल नहीं हुए। वे भाजपा कार्यालय अटल कमल में पर्यवेक्षक कृष्णलाल पंवार के साथ बैठक कर रहे थे। इसके चलते सदन की बैठक स्थगित करनी पड़ी।

इसके बाद अप्रैल 2026 में प्रदेश सरकार ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली को पार्षदों के बीच सहमति बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। इस बैठक में 33 पार्षद शामिल हुए, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समर्थक पार्षदों की गैरमौजूदगी के कारण दोनों पदों के लिए नामों पर सहमति नहीं बन सकी। अब सोमवार को तीसरी बार सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

मार्च 2025 में हुए थे नगर निगम चुनाव

फरीदाबाद नगर निगम के 46 वार्डों के लिए 2 मार्च 2025 को चुनाव हुए थे। 31 मार्च को मेयर और पार्षदों ने पदभार संभाला था। चुनाव में भाजपा ने 39 वार्डों में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा छह निर्दलीय और एक कांग्रेस पार्षद चुना गया था। इसके बावजूद डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद खाली हैं।

अलग-अलग खेमों में मतभेद बने बाधा

अगस्त 2025 में हुई बैठक के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए अजय बैंसला और डिप्टी मेयर पद के लिए रवि कश्यप के नाम चर्चा में थे। हालांकि, भाजपा के अलग-अलग खेमों के बीच उम्मीदवारों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के खेमे और मंत्री विपुल गोयल व राजेश नागर के खेमे के बीच मतभेद सामने आए थे। इसके चलते चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

वित्त एवं संविदा समिति का गठन भी लंबित

दोनों पदों पर चुनाव नहीं होने के कारण नगर निगम की वित्त एवं संविदा समिति का गठन भी लंबित है। ऐसे में सोमवार को होने वाली बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा नेतृत्व दावेदारों के बीच सहमति बनाकर चुनाव का रास्ता साफ कर पाता है या दोनों पदों पर फैसला एक बार फिर टल जाता है।