October 18, 2026

श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां कालरात्रि की पूजा, भक्तों ने लगाए जयकारे

Faridabad/Alive News: नवरात्र के सातवें दिन श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने माता के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा और भक्तिमय माहौल बना रहा।

मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन पूजा-अर्चना और हवन का शुभारंभ करवाया। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्र के आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व शक्ति, श्रद्धा, संयम और सकारात्मकता का संदेश देता है। मां दुर्गा की आराधना से भक्तों को जीवन की कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों से धार्मिक आस्था के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बीजेपी फरीदाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, युवा समाजसेवी करण भाटिया, व्यापारी नेता विमल पुरी और विनोद पांडे ने भी मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने फरीदाबाद, हरियाणा और देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने सभी अतिथियों को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।