एफसीटीएसएल संभालेगा 100 अतिरिक्त बसों के संचालन की जिम्मेदारी, सेक्टर-61 में डिपो का काम लगभग पूरा
Faridabad/Alive News: शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। दिसंबर से फरीदाबाद में 100 अतिरिक्त सिटी बसों का संचालन शुरू करने की योजना है। इन बसों के संचालन की जिम्मेदारी फरीदाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (एफसीटीएसएल) संभालेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में 50 बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। वहीं, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-61 में तैयार हो रहा बस डिपो लगभग पूरा हो चुका है।
करीब 25 लाख की आबादी वाले शहर में सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्पों के कारण लोगों को निजी वाहनों और ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता है। अतिरिक्त बसें चलने से नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर फरीदाबाद, औद्योगिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिल सकता है। बस स्टॉप बनने से यात्रियों को बस पकड़ने के लिए निर्धारित स्थान मिलेंगे और शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

