October 12, 2026

ऊंचा गांव के ITI में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, 50 छात्राओं ने लिया हिस्सा

Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला), ऊंचा गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्राओं को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा सेक्टर-8 से साइकिल चलाकर संस्थान पहुंचे। उन्होंने नशे के खिलाफ संदेश देने के लिए 16 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की।

कार्यक्रम में कार्यालय उपाधीक्षक अजिताभ गौड़ सहित वर्ग अनुदेशक सीमा, रीतू, सविता, बिजेंद्र और सीमा मौजूद रहे।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत अपने घर से करनी होगी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और युवाओं के नशे से दूर रहने से परिवार, समाज और देश मजबूत होगा।

उन्होंने गीत, कविता और संवाद के माध्यम से छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने संदेश दिया, “नशा होता अच्छा तो मां कहती खा बच्चा।” उन्होंने छात्राओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों व परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में नशे से संबंधित किसी भी समस्या या सूचना के लिए राष्ट्रीय मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 और हरियाणा हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 की जानकारी भी दी गई। अंत में सभी छात्राओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।