महारानी वैष्णो देवी मंदिर में सुबह से उमड़े भक्त, हवन-यज्ञ के बाद बांटा प्रसाद
Faridabad/Alive News: शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में प्रातःकालीन आरती और हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन आरती का शुभारंभ करवाया और हवन-यज्ञ में शामिल होकर श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
मंदिर परिसर में भक्तों ने विधि-विधान से मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उद्योगपति आरके जैन सहित राहुल, धीरज, रोहित, सुभाष, विकास और अमित ने भी हवन-यज्ञ में भाग लिया। आयोजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मां ब्रह्मचारिणी की आराधना से मिलता है धैर्य और तप का संदेश
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी मां दुर्गा का दूसरा स्वरूप हैं। उनके दाहिने हाथ में जपमाला और बाएं हाथ में कमंडल है। मां का यह स्वरूप तप, साधना और संयम का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सच्चे मन और श्रद्धा के साथ मां की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना करते हैं।
भाटिया ने बताया कि मंदिर संस्थान में प्रतिदिन हवन-यज्ञ और लंगर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह प्रतिदिन मां के दरबार में देश और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि के लिए अरदास करते हैं।

