October 12, 2026

गांव सोतई में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, चार और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांव सोतई में युवक पर कुल्हाड़ियों से हमला करने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिनेश, पुष्पेंद्र, बहादुर और केतन निवासी गांव सोतई, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही संदीप को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 अक्टूबर 2026 की है। शिकायतकर्ता ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह गांव की हरिजन चौपाल के पास नाई की दुकान के नजदीक पुष्पेंद्र, बहादुर, प्रदीप, कपिल, श्यामू और केतन ने उसके भतीजे नवीन पर कुल्हाड़ी और फरसे से हमला किया था। हमले में नवीन को काफी चोटें आई थीं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संदीप के चचेरे भाई और नवीन के बीच काफी समय पहले कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने नवीन को रोककर उस पर कुल्हाड़ियों से हमला किया था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी संदीप के परिवार के सदस्य हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।