Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने नशा तस्करी के मामले में दक्षिण अफ्रीका के एक नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 126.96 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सूरजकुंड-अनखीर रोड पर एक युवक को पकड़ा था। तलाशी लेने पर उसके पास से 126.96 ग्राम MDMA बरामद हुई। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के गांव दयालपुर निवासी संगम के रूप में हुई। इसके बाद थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से खरीदकर बेचता था ड्रग्स
पुलिस रिमांड के दौरान संगम ने पूछताछ में बताया कि वह नोएडा में रहने वाले दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से MDMA खरीदकर लाता था और उसे छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाता था। जांच में यह भी सामने आया कि नोएडा के बिसरख निवासी विनित ने संगम से करीब 4 ग्राम MDMA बेचने के लिए खरीदी थी।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा और विनित को भी गिरफ्तार कर लिया।
2019 में स्टडी वीजा पर आया था भारत
पुलिस जांच में सामने आया कि दक्षिण अफ्रीका का रहने वाला ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था। इसके बाद वह नोएडा में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, संगम और विनित को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, ओडेकामरा को आगे की पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

