September 28, 2026

IMT फरीदाबाद में फोन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने फोन झपटमारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रत्न (26) और संदीप (25), निवासी सुभाष कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पुन्हाना, मेवात निवासी जावेद हुसैन ट्रक चलाने का काम करते हैं। 25 सितंबर की शाम करीब 8 बजे वह माल लेकर IMT फरीदाबाद पहुंचे थे। इसी दौरान जब वह फोन पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

जावेद हुसैन की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दोनों आरोपियों को तिगांव पुल से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं और वारदात के समय अपने एक अन्य साथी के साथ R15 मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। आरोपियों ने जावेद हुसैन का फोन छीना और मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल संदीप की थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से झपटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।