September 28, 2026

फरीदाबाद समाधान शिविर में पहुंचीं 18 शिकायतें, पीपीपी और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख

फरीदाबाद सेक्टर-12 लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान नागरिकों की शिकायतें सुनते एसडीएम डॉ. हनी बंसल।

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की 18 शिकायतें और समस्याएं सुनी गईं। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए।

उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों को ठीक कराने और परिवार में नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी आईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित समस्याएं भी रखी गईं।

एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिक सीधे प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रख सकते हैं। संबंधित विभागों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कर पात्र लोगों को राहत देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित कर रहा है। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, पेंशन, भूमि पंजीकरण, बिजली और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।