Faridabad/Alive News: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने ‘परिवर्तन योजना’ लागू की है। इसके तहत पुराने व्यावसायिक ट्रकों और बसों को बीएस-VI या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलने पर वाहन मालिकों को कई वित्तीय लाभ दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) फरीदाबाद के सचिव ने बताया कि पात्र वाहन मालिकों को नए वाहन की खरीद पर मोटर वाहन टैक्स में 100 प्रतिशत तक छूट, पंजीकरण शुल्क में पूर्ण छूट और वाहन ऋण पर पांच साल तक 5 प्रतिशत ब्याज सहायता मिलेगी। इसके अलावा, योजना में शामिल वाहन निर्माता एक्स-शोरूम कीमत पर 8 प्रतिशत तक छूट देंगे।
बीएस-VI डीजल या सीएनजी वाहन खरीदने पर श्रेणी के अनुसार पांच साल तक हर महीने 1,200 से 4,800 रुपये तक के ईंधन वाउचर मिलेंगे। इलेक्ट्रिक व्यावसायिक वाहन खरीदने पर 64 हजार से 2.56 लाख रुपये तक की एकमुश्त सहायता दी जाएगी।
योजना के तहत बीएस-III और पुराने पात्र वाहनों को पंजीकृत स्क्रैपिंग केंद्र में स्क्रैप कराना अनिवार्य है। बीएस-IV वाहनों को निर्धारित शर्तों के तहत एनसीआर से बाहर भी बेचा जा सकता है।
वाहन मालिक https://parivartan.parivahan.gov.in पर पात्रता जांच और ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

