Faridabad/Alive News: राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए अब अभिभावकों को भी नियमित रूप से सीखने की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 26 सितंबर को स्कूलों में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। बैठक में बच्चों के परीक्षा परिणाम साझा करने के साथ उनकी पढ़ाई में सामने आ रही कमियों और उन्हें दूर करने की योजना पर अभिभावकों से चर्चा की जाएगी।
पीटीएम के दौरान शिक्षकों की ओर से अभिभावकों के मोबाइल फोन में निपुण पैरेंट एप डाउनलोड करवाकर लॉगिन कराया जाएगा। उन्हें एप के लर्न विद फन फीचर के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वे घर पर भी बच्चों को पढ़ाई में मदद कर सकें। इसके लिए स्कूलों में एप का क्यूआर कोड भी प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में शिक्षकों की ओर से बच्चों के लर्निंग गैप के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही, इन कमियों को दूर करने के लिए अगले 90 दिनों में चलाए जाने वाले रेमेडिएशन कार्यक्रम की जानकारी भी दी जाएगी। इससे अभिभावक बच्चों की जरूरत के अनुसार घर पर उनकी पढ़ाई में सहयोग कर सकेंगे।

