September 22, 2026

1500 से अधिक लोगों की जांच, दो नए मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आए लोगों की निगरानी बढ़ाई

Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू की निगरानी भी बढ़ा दी है। जिले में दो नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ इस साल अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 24 हो गई है। सभी मरीज निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए मरीजों ने सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार की शिकायत के बाद निजी अस्पतालों में डॉक्टर से संपर्क किया था। लक्षणों को देखते हुए उनकी स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग की टीमों ने मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी शुरू कर दी है।

जिले में अब तक 1500 से अधिक लोगों की स्वाइन फ्लू की जांच हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संदिग्ध मरीजों पर नजर रख रही हैं और लोगों को वायरल संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। जिले में डेंगू के 15 और मलेरिया के तीन मरीज भी सामने आ चुके हैं।

उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि दो नए स्वाइन फ्लू मरीज मिले हैं। दोनों निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है।