September 19, 2026

फरीदाबाद में चोरी के तीन मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक और ईको का साइलेंसर बरामद

फरीदाबाद में चोरी के मामलों में गिरफ्तार चार आरोपी और बरामद चोरीशुदा सामान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक ईको गाड़ी का साइलेंसर बरामद किया है। ये कार्रवाई चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में की गई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने थाना खेड़ीपुल में दर्ज वाहन चोरी के मामले में सुमित उर्फ दिनेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से गांव बावली, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के गढ़ी चौखंडी में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

इसी तरह अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान शुभम उर्फ दादीका निवासी गांव करनेरा, फरीदाबाद और सोनू खान निवासी गांव काठे, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, हाल लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं, थाना पल्ला में दर्ज ईको गाड़ी का साइलेंसर चोरी करने के मामले में AVTS सिकरोना की टीम ने सुरेंद्र निवासी गांव फतेहपुर बिल्लौच, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया साइलेंसर बरामद कर लिया है।