Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में साइबर थाना NIT की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में लोगों से कुल 1 लाख 87 हजार रुपये की ठगी की गई। ठगी के लिए मकान किराये पर लेने, मोबाइल फोन हैक करने और गैस बुकिंग के नाम पर लोगों को निशाना बनाया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-21सी निवासी एक व्यक्ति ने अपना मकान किराये पर देने के लिए 99 एकड़ ऐप पर विज्ञापन डाला था। इसी दौरान ठगों ने मकान किराये पर लेने का झांसा दिया और शिकायतकर्ता से यूपीआई व बैंक संबंधी जानकारी भरने को कहा।
इसके बाद शिकायतकर्ता के बैंक खाते से 60 हजार और 39 हजार रुपये, कुल 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में पुलिस ने पवन कुमार निवासी अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश, हाल गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि पवन कुमार के बैंक खाते में ठगी की रकम आई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए अपना बैंक खाता आगे उपलब्ध कराया था। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में एक शिकायतकर्ता ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी कि 15 अगस्त को उसका मोबाइल फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से 68 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में पुलिस ने पवन रजक निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश और सुजल शर्मा निवासी गांव डाबरा, ग्वालियर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि पवन रजक के खाते में ठगी के 46 हजार रुपये आए थे। उसके बैंक खाते में रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी का रिकवरी मोबाइल नंबर सुजल शर्मा के नाम पर था। दोनों आरोपी पड़ोसी गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तीसरे मामले में उत्तम नगर निवासी एक व्यक्ति ने गैस बुकिंग के लिए सर्च इंजन पर नंबर खोजकर संपर्क किया था। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग ने केवाईसी के नाम पर उसे एक लिंक भेजा। लिंक खोलने के कुछ देर बाद ही उसके बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकल गए।
इस मामले में पुलिस ने राहुल निवासी गांव सिंघाना, जींद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि राहुल के बैंक खाते में ठगी के 11 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

