Faridabad/Alive News: नशे के खिलाफ अभियान के तहत जीआरपी फरीदाबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान 50 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेलवेज हरियाणा नीतिका गहलोत IPS के निर्देशन में की गई। जीआरपी फरीदाबाद की चौकी बल्लभगढ़ में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक ललिता कुमारी ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया।
दो कट्टों में मिला 50 किलो गांजा
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो प्लास्टिक के कट्टों की तलाशी ली। इनमें कुल 50 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कमर्शियल क्वांटिटी बताया है। मामले में फतेहाबाद निवासी जोबनप्रीत, उसकी पत्नी अनीता और महम निवासी नितिन को गिरफ्तार किया गया है।
विशाखापट्नम से महम पहुंचना था माल
पूछताछ में सामने आया कि गांजे की यह खेप विशाखापट्नम, आंध्र प्रदेश से महम में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की इस खेप को कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को पुलिस रिमांड के बाद आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में गहन जांच जारी है और पूछताछ के बाद नशे के इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य परतें खुलने की संभावना है।

