September 11, 2026

एनडीए-सीडीएस परीक्षा को लेकर फरीदाबाद में तैयारियां तेज, 10 केंद्रों पर 3,146 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

फरीदाबाद में एनडीए और सीडीएस परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते डीसी आयुष सिन्हा

Faridabad/Alive News: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से 13 सितंबर को आयोजित होने वाली एनडीए एवं सीडीएस परीक्षा को लेकर फरीदाबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

फरीदाबाद में 10 परीक्षा केंद्रों पर करीब 3,146 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें सीडीएस के लिए 3 और एनडीए के लिए 7 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सीडीएस के परीक्षा केंद्र गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिकोना पार्क, मॉडर्न स्कूल सेक्टर-17 और गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी-3 में बनाए गए हैं।

एनडीए परीक्षा के लिए सेक्टर-78 फरीदपुर, एनआईटी-3, एनआईटी-1, सेक्टर-28, बल्लभगढ़, तिगांव-बल्लभगढ़ रोड और ऊंचागांव स्थित सरकारी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली, महिला एवं पुरुष शौचालय सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा गया है।

उन्होंने परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा, अनधिकृत प्रवेश पर निगरानी और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी केंद्रों पर जैमर व्यवस्था भी समय से सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीसी ने कहा कि यूपीएससी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, समयबद्ध परिवहन और परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।