Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी और सट्टा खाई करने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब, तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी और जुआ राशि बरामद की है।
अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पवन कुमार, निवासी गांव सारंगपुर, जिला हरदोई, हाल निवासी सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मलेरना रोड के रास्ते शराब लेकर सुभाष कॉलोनी की ओर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर आरोपी को काबू किया। उसके कब्जे से 24 अध्धे और 48 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है।
वहीं, थाना कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान बाटा पुल के नीचे सट्टा खाई करते हुए एक अन्य आरोपी को काबू किया। पुलिस ने उसके कब्जे से मौके पर 2,130 रुपये की जुआ राशि बरामद की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में नियमानुसार मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि अवैध शराब तस्करी, जुआ और सट्टेबाजी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

