October 7, 2026

फोर्टिस फरीदाबाद में क्षेत्र का पहला फीवर क्लीनिक शुरू

Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव और मानसून के बीच बढ़ रहे बुखार के मामलों को देखते हुए फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, फरीदाबाद ने क्षेत्र का पहला फीवर क्लीनिक शुरू किया है। क्लीनिक में मरीजों की जांच, बीमारी की जल्द पहचान और समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी। यह क्लीनिक सोमवार से शनिवार तक दोपहर तीन से चार बजे तक इंटरनल मेडिसिन टीम की देखरेख में चलेगा।क्लीनिक में डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया, टायफायड, इंफ्लुएंजा और एच1एन1 समेत वायरल व बैक्टीरियल संक्रमण से जुड़े बुखार के मरीजों की जांच की जाएगी। लंबे समय से बुखार रहने वाले और इम्यूनोकॉम्प्रोमाइज्ड मरीजों को भी यहां मेडिकल सलाह और उपचार मिलेगा। मरीजों को एक ही जगह फीवर कंसल्टेशन, सीबीसी और रैपिड डायग्नॉस्टिक टेस्ट, दवाओं की सुविधा, डे-केयर और ऑब्जर्वेशन की सुविधा मिलेगी। जरूरत पड़ने पर मरीज को इमरजेंसी या अस्पताल में भर्ती कराने के लिए रेफरल भी किया जाएगा।सीनियर डायरेक्टर इंटरनल मेडिसिन डॉ. राजेश कुमार बुद्धिराजा ने कहा कि बुखार के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। ऐसे में समय पर जांच से गंभीर संक्रमण की पहचान और इलाज जल्द शुरू किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि क्लीनिक में मरीजों को जांच से लेकर फॉलोअप तक की सुविधा एक ही जगह मिलेगी।