Faridabad/Alive News: स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे स्टूडेंट के लिए अच्छी खबर है। क्लास तीसरी से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी गई है। परीक्षाएं 25 सितंबर से शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलेंगी। खास बात यह है कि स्टूडेंट को अलग-अलग विषयों की तैयारी के लिए बीच में पर्याप्त गैप दिया गया है। इससे एक पेपर खत्म होने के बाद स्टूडेंट को अगले विषय की तैयारी का समय मिल सकेगा।डेटशीट के अनुसार 25 सितंबर को तीसरी क्लास में अंग्रेजी, चौथी में ईवीएस और पांचवीं में अंग्रेजी का पेपर होगा। छठी में सामाजिक विज्ञान, सातवीं में हिंदी, आठवीं में विज्ञान, नौवीं में सामाजिक विज्ञान और 10वीं में विज्ञान की परीक्षा होगी। 11वीं में फाइन आर्ट्स, म्यूजिक और साइकोलॉजी, जबकि 12वीं में कंप्यूटर साइंस और जियोग्राफी की परीक्षा रखी गई है।
26 सितंबर के बाद अलग-अलग क्लास के सब्जेक्ट्स के अनुसार परीक्षाएं होंगी। तीसरी से 10वीं तक हिंदी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, ड्राइंग, म्यूजिक, होम साइंस और एग्रीकल्चर सहित अन्य सब्जेक्ट्स की परीक्षाएं होंगी। 11वीं और 12वीं में स्टूडेंट्स के चुने हुए सब्जेक्ट्स के अनुसार पेपर होंगे। इनमें अकाउंटेंसी, फिजिक्स, हिस्ट्री, बायोलॉजी, पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स, बिजनेस स्टडीज, होम साइंस, साइकोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप जैसे सब्जेक्ट शामिल हैं।
प्रतियोगिता में जाने वाले स्टूडेंट को राहत
डेटशीट में राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में हिस्सा लेने वाले स्टूडेंट के लिए भी प्रावधान किया गया है। ऐसे स्टूडेंट की परीक्षा आयोजन पूरा होने के बाद कराई जा सकती है। वहीं 11वीं और 12वीं में विषयों के कॉम्बिनेशन के कारण जरूरत पड़ने पर किसी स्टूडेंट का पेपर अलग दिन कराया जा सकता है।जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने बताया कि स्टूडेंट को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टूडेंट बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा देंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

