October 7, 2026

क्रेडिट कार्ड रि-एक्टिवेट करने के नाम पर 1.43 लाख की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में क्रेडिट कार्ड रि-एक्टिवेट करने के नाम पर साइबर ठगी मामले में आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने क्रेडिट कार्ड को रि-एक्टिवेट करने के नाम पर 1,43,850 रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के पास अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को ICICI क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने के कारण उसका क्रेडिट कार्ड ऑटो-कैंसिलेशन में चला जाएगा। कार्ड को सक्रिय रखने के लिए उससे 4,400 रुपये जमा कराने की बात कही गई।

इसके बाद शिकायतकर्ता को एक वेबसाइट पर भेजकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाई गई। जानकारी दर्ज करने के कुछ समय बाद उसके क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 1,43,850 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विश्वास उर्फ गोलू, निवासी मंगोलपुरी, पश्चिमी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले गिरफ्तार किए जा चुके खाताधारकों विजय और सुनील से बैंक खाता लेकर उसे आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस के अनुसार, इस खाते में ठगी की रकम में से 1,40,000 रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद आगे की पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।