Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के एक बाजार में सोमवार शाम अचानक लगी भीषण आग ने चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए तुरंत दुकानों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले मिंटू नामक दुकानदार की पेंट के सामान की दुकान में लगी। पेंट और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में मनीष और आशीष की कपड़ों की दुकानें भी आ गईं। बताया जा रहा है कि चारों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बाजार में जमा भीड़ को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
SHO बोले- आग लगने के कारणों की जांच जारी
बल्लभगढ़ थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही दुकानदारों को हुए आर्थिक नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

