Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शहर के विस्तार और विकास को नई दिशा देने की तैयारी है। हरियाणा सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी-2022 के तहत जिले की करीब 4500 एकड़ जमीन को सुनियोजित तरीके से विकसित करने की योजना बनाई गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने इस जमीन को योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है।
योजना के तहत जमीन का इस्तेमाल आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए किया जाएगा। इससे नए सेक्टर विकसित होने के साथ शहर में सड़क, पार्क और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी जगह उपलब्ध होगी।
जमीन मालिक और जमीन एकत्र करने वाले लोग अपनी जमीन को भी इस योजना में शामिल करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर जमीन से जुड़ी जानकारी दर्ज कर आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 तय की गई है।
इन सेक्टरों में विकसित होंगे अलग-अलग क्षेत्र
प्रस्तावित योजना में सार्वजनिक और अर्ध-सार्वजनिक सुविधाओं के लिए सेक्टर-96ए और 97ए शामिल हैं। वहीं, आवासीय विकास के लिए सेक्टर-94ए, 96, 99, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-100 में व्यावसायिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है।
19 गांवों की जमीन योजना में शामिल
लैंड पूलिंग योजना में फरीदाबाद के 19 गांवों की जमीन शामिल की गई है। इनमें खेड़ी कलां, नचौली, ताजूपुर, ढकौला, शाहबाद, बदरपुर सैद, शाहूपुरा, सहूपुरा, सोतई, सुनपेड़, मलेरना, जाजरू, भैंसरावली, फत्तूपुरा, भुआपुर, भुहापुर जसाना, फरीदपुर, सदपुरा और तिगांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जमीन के सुनियोजित विकास से भविष्य में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन
HSVP के संपदा अधिकारी विकास ढांडा के अनुसार, इच्छुक जमीन मालिक landpooling.hsvphry.org.in पोर्टल पर जाकर अपनी जमीन का विवरण दर्ज कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए ई-विंडो 30 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी। HSVP ने जमीन मालिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

