Faridabad/Alive News: फरीदाबाद मंडल के गांवों में ‘हर घर नल से जल’ के दावों के बीच पेयजल संकट सामने आया है। फरीदाबाद, पलवल और नूंह के करीब 410 गांवों में 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (एलपीसीडी) के मानक से कम पानी पहुंच रहा है। इनमें से 109 गांवों में आपूर्ति 40 एलपीसीडी से भी नीचे है।
पलवल जिले के चिल्ली गांव में प्रति व्यक्ति महज 11 लीटर पानी मिल रहा है। मलाई गांव में 14 लीटर पानी उपलब्ध है। चिल्ली में निर्धारित मानक से करीब 80 फीसदी कम पानी पहुंच रहा है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की रिपोर्ट यह स्थिति दर्शाती है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 55 एलपीसीडी का मानक निर्धारित है।
नूंह में गंभीर जल संकट
नूंह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट बेहद गंभीर है। जिले के 82 से अधिक गांवों में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 40 लीटर से भी कम पानी उपलब्ध हो रहा है। शाहपुर नांगली में ग्रामीणों को महज 18 एलपीसीडी पानी मिल रहा है। पुन्हाना के बिसरू में 20 और इंद्री के गंगोली में 21 एलपीसीडी आपूर्ति दर्ज की गई है। नूंह के देवला नांगली में 24 एलपीसीडी पानी मिल रहा है। फिरोजपुर झिरका की कई बस्तियों में 23 से 25 एलपीसीडी तक पानी सीमित है। नगीना ब्लॉक को 4.24 एमएलडी पानी मिल रहा है।

