Faridabad/Alive News: मार्किट नंबर एक स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को आकर्षक लाइटिंग और भव्य सजावट से सजाया गया। मंदिर परिसर में तैयार की गई सुंदर धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और मंदिर में तैयार की गई झांकियों का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया और मंदिर कमेटी के सदस्यों की आयोजन के लिए प्रशंसा की। इस दौरान मंदिर कमेटी की ओर से उनका फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव होने के साथ-साथ भक्तों की आस्था और श्रद्धा का पर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धरती पर अवतार लेकर धर्म और सत्य का संदेश दिया तथा भक्तों को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्रीगणेश, लड्डू गोपाल, श्री खाटू श्याम, बांके बिहारी, निधिवन, भगवान विष्णु, वासुदेव द्वारा श्रीकृष्ण को गोकुल ले जाने, कालकाजी दिल्ली और बाबा अमरनाथ सहित कई आकर्षक झांकियां तैयार की गईं। विशेष कलाकारों द्वारा तैयार की गई इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मंदिर परिसर में धार्मिक झांकियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जो देर रात तक चलते रहे। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर कमेटी की ओर से विशेष प्रसाद की व्यवस्था की गई।
देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जन्में हैं कृष्ण कन्हाई, गोकुल में देखो बाजे बधाई’ जैसे भजनों से गूंज उठा। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।

