Faridabad/Alive News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने इस साल अब तक NDPS Act के तहत 334 मामले दर्ज कर 446 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 106 नशा सप्लायर भी शामिल हैं। पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करने के साथ-साथ नशे के कारोबार से जुड़े 9 आरोपियों की संपत्तियों और अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया है।
नशे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए वीरवार को DCP क्राइम राजेश कुमार मोहन की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ACP क्राइम, सभी क्राइम ब्रांच प्रभारी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कोऑर्डिनेटर मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, सूचनाओं के आदान-प्रदान और राष्ट्रीय रोडमैप को प्रभावी तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई।
पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक 276.876 किलोग्राम गांजा, 560.85 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस, 272.66 ग्राम सल्फा, 3.17 ग्राम कोकीन, 2.219 किलोग्राम अफीम और 17.11 ग्राम MDMA बरामद किया गया है। इसके अलावा 582 इंजेक्शन, 1,677 कैप्सूल, 11,454 नशीली गोलियां, 200 एमएल सिरप और 23 MTP किट भी जब्त की गई हैं।
पुलिस ने संगठित ड्रग नेटवर्क पर भी विशेष कार्रवाई की है। कमर्शियल क्वांटिटी के 14 मामलों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 19 सप्लायर शामिल हैं। इन मामलों में 94.065 किलोग्राम गांजा, 272 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस और 11.01 ग्राम MDMA सहित बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुई हैं।
पुलिस ने नशे के हॉटस्पॉट और संदिग्ध स्थानों की पहचान कर इस साल चार विशेष छापेमारी भी की हैं। इसके अलावा नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत 9 संपत्तियों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया है।
DCP क्राइम राजेश कुमार मोहन ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल नशा बेचने वालों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि सप्लायरों, संगठित ड्रग नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक स्रोतों पर भी कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फरीदाबाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे की बिक्री, सप्लाई या तस्करी से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

