September 4, 2026

क्रेडिट कार्ड पर वाउचर का ऑफर देकर 92,655 रुपये की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: क्रेडिट कार्ड पर 2,000 रुपये के वाउचर का ऑफर देने के नाम पर 92,655 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन (20) और उपेंद्र (30), निवासी प्रेम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 3 सितंबर को उनके घर से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि ठगी की 92,655 रुपये की रकम नितिन के बैंक खाते में पहुंची थी। इसके बाद इसमें से 20,200 रुपये दूसरी लेयर में उपेंद्र के खाते में ट्रांसफर किए गए। नितिन बेरोजगार है, जबकि उपेंद्र दिल्ली में मोबाइल की दुकान चलाता है। दोनों आरोपी खाताधारक हैं।

यह मामला सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर साइबर थाना NIT में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को HDFC का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर 2,000 रुपये का वाउचर ऑफर आया है।

ऑफर का लाभ लेने के लिए आरोपी ने शिकायतकर्ता से क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कथित बैंक कर्मचारी के साथ OTP भी साझा कर दिया। OTP मिलते ही उसके क्रेडिट कार्ड से 92,655 रुपये की रकम काट ली गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक कर्मचारी बनकर फोन करने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ क्रेडिट कार्ड की जानकारी, OTP या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।