September 4, 2026

फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का सामूहिक मुंडन, बोले- आश्वासन नहीं लिखित आदेश चाहिए

फरीदाबाद नगर निगम मुख्यालय के बाहर सामूहिक मुंडन करते सफाई कर्मचारी

Faridabad/Alive News: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के बाहर कर्मचारियों ने सामूहिक मुंडन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कई बार बातचीत और आश्वासन के बावजूद उनकी मांगों को लागू करने के लिए लिखित आदेश जारी नहीं किए गए हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल 6 अगस्त से चल रही है। फरीदाबाद में भी कर्मचारी लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 13 मई को सरकार के साथ बातचीत में कई मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक उन्हें लागू करने के आदेश नहीं मिले हैं।

नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

कर्मचारियों की प्रमुख मांग कच्चे, ठेका और दैनिक वेतनभोगी सफाई एवं सीवर कर्मचारियों को नियमित करने की है। वे ठेका प्रथा खत्म कर कर्मचारियों को विभागीय रोल पर लाने और नियमितीकरण तक समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ जोखिम भत्ता, सुरक्षा उपकरण, ईएसआई, ईपीएफ और अन्य सुविधाएं देने की भी मांग है।

कर्मचारी नेता नरेशा शास्त्री के अनुसार न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी, भत्ते और एरियर का भुगतान, दुर्घटना या मृत्यु पर आर्थिक सहायता, मृतक कर्मचारी के आश्रित को नौकरी और सेवा सुरक्षा की मांग भी शामिल है। कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की मांग भी उठाई है।

लिखित आदेश जारी करने की मांग

कर्मचारी नेताओं के मुताबिक सरकार ने वर्दी भत्ता, समान काम-समान वेतन, एरियर, न्यूनतम वेतन, ईएसआई-ईपीएफ और जोखिम भत्ते जैसी कई मांगों पर सैद्धांतिक सहमति दी है। हालांकि नियमितीकरण के मामले में सरकार ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया है।

कर्मचारियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। वे मांगों को लागू करने के लिए लिखित आदेश चाहते हैं। सामूहिक मुंडन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।