September 3, 2026

जीवा स्कूल में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस

जीवा पब्लिक स्कूल फरीदाबाद में जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता को दर्शाया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, कर्मयोग और उनके संदेशों से परिचित कराने के साथ शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव, प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर, यंग डायरेक्टर्स मधुसूदन चौहान और काजल चौहान सहित विद्यालय की संयोजिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों ने कृष्ण-लीला, नृत्य, भजन और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे विद्यार्थियों की कृष्ण-लीला और मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के कर्तव्य, प्रेम, सत्य, करुणा और धर्म के संदेश को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में शिक्षक दिवस भी मनाया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में लघु नाटिका प्रस्तुत की। इसमें शिक्षकों को केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला बताया गया।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और शिक्षाओं से कर्म, कर्तव्य, सत्य और धर्म का मार्ग दिखाया। इसी तरह शिक्षक भी अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।