Faridabad/Alive News: डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के संस्कृत विभाग एवं भारतीय ज्ञान परंपरा (IKS) प्रकोष्ठ की ओर से संस्कृत सप्ताह समारोह के तहत 31 अगस्त को संस्कृत सूक्ति-लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें स्नातक स्तर के करीब 10 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संस्कृत के विभिन्न ग्रंथों से प्रेरणादायी और जीवनोपयोगी सूक्तियों का चयन कर उन्हें सुंदर हस्तलिखित रूप में प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत साहित्य से जोड़ना और उनके लेखन कौशल को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम, नेहा ने द्वितीय और प्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को क्रमशः 500, 300 और 200 रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के निर्देशन में IKS प्रकोष्ठ की समन्वयिका डॉ. रुचि मल्होत्रा और संस्कृत सप्ताह के संयोजक डॉ. अमित शर्मा के संयोजन में हुआ। डॉ. नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

