September 2, 2026

बादशाह और ईशा रिखी का तलाक: शादी के 5 महीने बाद हुए अलग, दोनों ने सोशल मीडिया पर की पुष्टि

Badshah and Eesha Rekhi divorce after five months of marriage

Mumbai/Alive News: रैपर बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने शादी के करीब पांच महीने बाद अलग होने की पुष्टि की है। दोनों ने सोमवार रात अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान शेयर कर बताया कि वे आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं।

बादशाह ने फैंस और मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से रिश्ते को लेकर किसी तरह का अनुमान नहीं लगाने को कहा है। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं।

बादशाह ने पोस्ट में क्या कहा?

बादशाह ने सोशल मीडिया पर साझा किए बयान में कहा कि वह और ईशा रिखी आपसी सम्मान के साथ अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग होने का फैसला दोनों की सहमति से लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह इस मामले में उनका पहला और आखिरी सार्वजनिक बयान है। दोनों ने लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और रिश्ते को लेकर अटकलें न लगाने की अपील की है। ईशा रिखी ने भी यही बयान अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया।

कौन हैं ईशा रिखी?

ईशा रिखी पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने साल 2013 में पंजाबी फिल्म ‘जट्ट बॉय पुट्ट जट्टां दी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘हैप्पी गो लक्की’, ‘बड़े चंगे ने मेरे यार कमीने’, ‘व्हॉट द जट्ट’ और ‘अरदास’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। ईशा ने 2018 में फिल्म ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में राघव जुयाल, पुनीत पाठक और धर्मेश येलांडे मुख्य भूमिकाओं में थे।

जुलाई से सामने आ रही थीं रिश्ते में अनबन की खबरें

बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते में तनाव की खबरें जुलाई से सामने आने लगी थीं। 26 जुलाई को ईशा ने बादशाह के साथ अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे। इस पोस्ट में उन्होंने ‘हर तूफान एक सीख है’ लिखा था।

इसके बाद ईशा ने एक अन्य नोट में डर के कारण लंबे समय तक चुप रहने और अब अपने आत्मसम्मान के लिए आवाज उठाने की बात कही थी। इसी दौरान उनकी मां पूनम रिखी की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आई थीं।

जून में ईशा ने शादी की पुष्टि की थी

ईशा रिखी ने इसी साल जून में इंस्टाग्राम के ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की पुष्टि की थी। हालांकि दोनों ने अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चा में नहीं रखा।

अब दोनों के अलग होने की पुष्टि के बाद उनकी शादी को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ईशा रिखी के सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।

बादशाह का दूसरी बार तलाक

बादशाह की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी। दोनों की 2017 में एक बेटी हुई थी। बादशाह और जैस्मिन के रिश्ते में बाद में मतभेद आए और दोनों 2020 में अलग हो गए। इसके बाद बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते की खबरें सामने आईं और इस साल दोनों की शादी की पुष्टि हुई थी।