Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की एनआईटी जोन साइबर सेल ने तकनीकी संसाधनों की मदद से 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 38 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने अपने कार्यालय में बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को विधिवत सुपुर्द किए। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए फोन वापस मिलना खुशी का मौका रहा। मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों ने फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए साइबर सेल ने केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया। टीम ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर, डिजिटल ट्रैकिंग, नेटवर्क से जुड़ी तकनीकी जानकारी और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से फोन की पहचान की।
जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल फोन की लोकेशन और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी प्राप्त हुई। इसके आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए 38 मोबाइल फोन बरामद किए।
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर घबराएं नहीं और शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ पुलिस की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने में मदद मिलती है तथा उसके संभावित दुरुपयोग को रोका जा सकता है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपना मोबाइल फोन गुम होने पर CEIR पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने, मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने और फोन में मजबूत पासकोड या स्क्रीन लॉक लगाने की अपील की है। यदि मोबाइल में बैंकिंग या अन्य संवेदनशील जानकारी मौजूद है तो संबंधित सेवाओं की सुरक्षा के लिए भी तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि वह आम लोगों की डिजिटल और व्यक्तिगत संपत्ति की सुरक्षा के लिए तकनीकी माध्यमों से लगातार कार्रवाई कर रही है। गुमशुदा मोबाइल फोन से जुड़ी शिकायतों पर भी आगे प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

