Faridabad/Alive News: ग्रीनफील्ड कॉलोनी में घर में घुसकर महिला और उसकी सास से चाकू के बल पर सोने के आभूषण लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 और एनआईटी की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को महिला और उसकी सास घर पर मौजूद थीं। सुबह करीब 10 बजे एक युवक पार्सल के संबंध में जानकारी लेने के बहाने उनके घर आया और वहां से चला गया। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद एक अन्य युवक डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंचा।
महिला की सास ने उसे डिलीवरी बॉय समझकर दरवाजा खोला और बहू को बुलाने के लिए अंदर चली गईं। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया और चाकू दिखाकर महिला और उसकी सास को डराया। इसके बाद आरोपी दोनों से सोने के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने 29 अगस्त को वीरप्रताप सिंह उर्फ वीरू (24) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से गांव कुंभपुरा, फतेहाबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद की गणपति कॉलोनी में रह रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करता है और पहले भी शिकायतकर्ता के घर पर कई बार पार्सल पहुंचा चुका था। उसे जानकारी थी कि घर पर अक्सर महिलाएं ही मौजूद रहती हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले पार्सल डिलीवरी के बहाने घर की स्थिति देखी। जब उसे पता चला कि घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं है, तो वह दोबारा लूट की नीयत से पहुंचा और चाकू के बल पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। लूटे गए सोने के आभूषणों और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

