September 20, 2026

पुरानी रंजिश में युवक पर रॉड-डंडों से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांव नीमका-फज्जूपुर स्थित ठेके के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को गांव नीमका निवासी विनोद अपने दोस्तों के साथ नीमका-फज्जूपुर स्थित ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां वहां पहुंचीं। इनमें सवार कुछ लोग लोहे की रॉड और डंडे लेकर उतरे और विनोद पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया।

शिकायत मिलने के बाद थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि पवन की विनोद के साथ पुरानी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, पहले विनोद और उसके साथियों ने पवन के हाथ तोड़ दिए थे। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए पवन ने अपने साथी साहिल और अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला किया।

क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने मामले में साहिल (26) और पवन (27), दोनों निवासी गांव नीमका को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य लोगों और इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है।