Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आदर्श नगर क्षेत्र में छापेमारी कर 306 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आदर्श नगर की 24 फुट रोड पर एक व्यक्ति अपने घर के बाहर खड़े होकर बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के देशी शराब बेच रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस ने वहां मौजूद तेजवीर (38), निवासी 24 फुट रोड, आदर्श नगर, फरीदाबाद को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान मौके से 306 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना आदर्श नगर में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
दो महीने में 4000 से ज्यादा शराब की बोतलें जब्त
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने वीकेंड अभियान चलाया हुआ है। पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में इस अभियान के तहत 4000 से अधिक शराब की बोतलें जब्त की जा चुकी हैं और 150 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

