August 29, 2026

ईको गाड़ी में युवती का अपहरण, मारपीट कर सोने का लॉकेट लूटा; आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में युवती के अपहरण और सोने का लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: आईएमटी चौक क्षेत्र से ईको गाड़ी में एक युवती का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और गले से सोने का लॉकेट लूटने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, सोने का लॉकेट और बीयर की बोतल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की शाम गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र में एक युवती को अज्ञात ईको गाड़ी चालक ने अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर उसका अपहरण कर लिया था। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने का लॉकेट/कंठी लूटकर फरार हो गया। युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को योगेश नरवत उर्फ पंडित जी, निवासी गांव खेड़ी कलां, थाना बीपीटीपी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। इसके बाद अदालत के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड (TIP) कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को 27 अगस्त को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी और चोट पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की गई बीयर की बोतल बरामद की गई। पूछताछ और बरामदगी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में थाना तिगांव क्षेत्र में हुई एक लूट की वारदात में भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में उसके खिलाफ गृहभेदन का मामला दर्ज किया गया था।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शहर में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।