New Delhi/Alive News: दिल्ली-NCR में CNG के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। नई कीमत शनिवार सुबह 6 बजे से लागू होगी। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG ₹83.09 से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलो हो जाएगी। इस साल CNG की कीमत में यह पांचवीं बढ़ोतरी है।
IGL के मुताबिक, CNG के दाम बढ़ाने की मुख्य वजह LNG की बढ़ती आयात लागत, अंतरराष्ट्रीय गैस कीमतों में तेजी और CNG की बढ़ती मांग है।
NCR के शहरों में नई कीमतें
नई कीमत लागू होने के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG ₹95.59 प्रति किलो हो गई है। वहीं मेरठ में CNG की कीमत ₹95.47 प्रति किलो और गुरुग्राम में ₹92.01 प्रति किलो हो गई है। CNG की कीमत अलग-अलग राज्यों और शहरों में अलग होती है। इसका एक प्रमुख कारण राज्यों में लागू अलग-अलग VAT दरें हैं। IGL का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद दिल्ली में CNG दूसरे ईंधनों की तुलना में अभी भी किफायती विकल्प बनी हुई है।
होर्मुज संकट से LNG की कीमत बढ़ी
IGL के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर LNG की सप्लाई और कीमतों पर पड़ा है। होर्मुज स्ट्रेट के जरिए LNG की सप्लाई और माल ढुलाई प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत बढ़ी है।
कंपनी के मुताबिक, संकट शुरू होने से पहले की तुलना में वैश्विक LNG कीमतें करीब दोगुनी हो गई हैं। यूरोप में सर्दियों से पहले गैस का भंडार बढ़ाने की जरूरत ने भी अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।
CNG की बढ़ती मांग से आयात पर निर्भरता बढ़ी
भारत में CNG की मांग लगातार बढ़ रही है। मांग पूरी करने के लिए इनपुट गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित स्पॉट LNG से पूरा किया जा रहा है। महंगी LNG और घरेलू स्तर पर बढ़ती मांग के कारण IGL की इनपुट गैस लागत बढ़ गई है। इसी बढ़ी हुई लागत को देखते हुए कंपनी ने CNG के दाम में ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है।
ऑटो-टैक्सी और माल ढुलाई महंगी हो सकती है
दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में ऑटो, टैक्सी, बस और माल ढोने वाले वाहन CNG पर चलते हैं। ऐसे में CNG महंगी होने से इन वाहनों का संचालन खर्च बढ़ सकता है।
इसका असर आगे चलकर यात्री किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी पड़ सकता है। रोजाना CNG से चलने वाले वाहनों पर निर्भर लोगों और कारोबारों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है।
एशिया में LNG की कीमत दोगुने से ज्यादा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की बढ़ती कीमतों का असर एशिया के JKM बेंचमार्क पर भी दिखाई दे रहा है। इस साल फरवरी में JKM की कीमत करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो अगस्त में बढ़कर 23.4 डॉलर प्रति MMBTU हो गई।
इसी तरह यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क में भी तेजी देखी गई। फरवरी में इसकी कीमत करीब 11.3 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो अगस्त में बढ़कर 23.3 डॉलर प्रति MMBTU हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत बढ़ने से भारत में आयातित गैस की लागत भी बढ़ी है। इसका असर अब CNG की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

