October 29, 2026

गैर-मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों को बंद कराने के निर्देश, 2 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट

Faridabad/Alive News- हरियाणा में बिना मान्यता के चल रहे प्राइवेट स्कूलों को बंद कराने के निर्देश शिक्षा विभाग ने दोबारा जारी किए हैं। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ) को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और बंद कराए गए स्कूलों की सूची भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अधिकारियों को 2 नवंबर 2026 तक रिपोर्ट भेजनी होगी।
निदेशालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, इससे पहले 4 अगस्त और 20 अगस्त 2026 को भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। विभाग ने अधिकारियों को 24 अप्रैल 2025 को जारी आदेशों की सख्ती से पालना करते हुए अवैध रूप से संचालित सभी गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को बंद कराने के लिए कहा था। साथ ही, कार्रवाई के बाद बंद किए गए स्कूलों की सूची निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक निदेशालय को कोई सूचना नहीं भेजी गई है। इस पर निदेशालय ने दोबारा पत्र जारी कर पहले मांगी गई जानकारी 2 नवंबर तक हर हाल में भेजने को कहा है। अब जिला स्तर पर की गई कार्रवाई और गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों की स्थिति पर नजर रहेगी।