Faridabad/Alive News: पानी का बिल भरने के नाम पर मोबाइल फोन पर APK फाइल भेजकर एक स्कूल के बैंक खाते से 15.34 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगों को एक वॉलेट खाता उपलब्ध कराने का आरोप है, जिसमें ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में उनके स्कूल के बैंक खाते से कुल 15,34,699 रुपये की साइबर ठगी की गई।
स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर पंजीकृत था। 9 दिसंबर 2025 को अकाउंटेंट के मोबाइल पर बैंक लेन-देन से जुड़े लगातार OTP आने लगे। साथ ही खाते से पैसे कटने के संदेश भी मिलने लगे।
जांच करने पर पता चला कि साइबर ठगों ने स्कूल के बैंक खाते से लगातार ट्रांजेक्शन कर कुल 15,34,699 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस के अनुसार, ठगों ने पानी का बिल भरने के नाम पर एक APK फाइल भेजी थी। इस फाइल के जरिए साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश के गांव हतापुर खेरी से आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव हतापुर खेरी का ही रहने वाला है और वर्तमान में बी.टेक की पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने राम शंकर के CSC सेंटर के वॉलेट खाते को साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी की रकम में से करीब 2 लाख रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, राम शंकर और आरोपी अंकित पड़ोसी गांवों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

