Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कासगंज में दबिश देकर 15.804 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने इस मामले में कासगंज निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना ढोलना, कासगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
यह कार्रवाई 19 अगस्त को थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में 12.980 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले की जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर की गई। उस मामले में पुलिस ने दिल्ली-मथुरा रोड स्थित लक्कड़पुर फाटक के पास से एटा निवासी शिवम उर्फ भोला को गांजा सहित गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में शिवम ने बताया था कि वह गांजा अपने भाई अमन निवासी एटा से लेकर आया था और इसे दिल्ली में बेचने की तैयारी में था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और 24 अगस्त को अमन को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में अमन ने बताया कि उसने गांजा किसी व्यक्ति से खरीदा था। उसने कुछ गांजा अपने भाई शिवम को दिया था, जबकि कुछ गांजा उसके दोस्त दीपक निवासी कासगंज के पास रखा हुआ था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कासगंज में दबिश देकर दीपक को 15.804 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अमन को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस ने बताया कि अमन का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत 16 मामले दर्ज हैं। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

