Faridabad/Alive News: थाना पल्ला क्षेत्र में एक युवक को जबरन स्कूटी पर बैठाकर सरस्वती कॉलोनी के खेतों में ले जाकर डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट करने तथा मोबाइल फोन छीनने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर निवासी गांव कदौली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी दुर्गा एन्क्लेव, फरीदाबाद के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनुराग मिश्रा 8 मई 2026 को रात करीब 2:30 बजे अपने दोस्त आयुष उर्फ ऋषि के साथ सेक्टर-37 स्थित यूनिवर्सल अस्पताल के पास पराठे की दुकान पर गया था। इसी दौरान दीपू अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर आयुष के साथ मारपीट करने की कोशिश की।
दुकान पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद अनुराग, अर्णव और आयुष स्कूटी से घर जाने लगे। आरोपियों ने उनका पीछा कर सेक्टर-37 की मार्केट के पास उन्हें रोक लिया। अनुराग को पकड़कर आरोपी जबरन सरस्वती कॉलोनी, पल्ला के खेतों में ले गए।
पुलिस के मुताबिक, खेतों में आरोपियों ने युवक के साथ डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। शिकायत के आधार पर थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने समीर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय समीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से मारपीट की थी। पुलिस ने बताया कि मामले में तीन किशोरों को पहले ही अभिरक्षा में लिया जा चुका है।

