Faridabad/Alive News: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को तिगांव स्थित अनाज गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनाज के रखरखाव, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में साफ-सफाई की व्यवस्था में खामियां मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही गोदामों में नियमित सफाई और अनाज को सुरक्षित रखने के लिए दवा के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुराने अनाज के उठान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गोदाम में पिछले दो-तीन वर्षों से अलग-अलग कानूनी मामलों के कारण पड़े अनाज के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार कर लंबित स्टॉक को नियमानुसार उठाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि लंबे समय तक अनाज का स्टॉक गोदाम में पड़ा रहने से भंडारण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने गोदाम में पड़ी पुरानी पॉलीथिन, दवा की पैकिंग और अन्य कबाड़ सामग्री की नीलामी कराने के भी निर्देश दिए।
पात्र परिवारों को पूरा अनाज देने के निर्देश
राजेश नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी पात्र राशन कार्ड धारक को उसके हिस्से के खाद्यान्न से वंचित न किया जाए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से गोदामों की नियमित निगरानी करने और अनाज के सुरक्षित भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

